रामगढ़: - विश्व जल दिवस के अवसर पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम का आयोजन

The Dainik Aawaz News Ramgarh:- विश्व जल दिवस के अवसर पर उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम का आयोजन


जल संचयन एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुखियाओं एवं जलसाहियाओं को उप विकास आयुक्त के द्वारा किया गया सम्मानित

रामगढ़: विश्व जल दिवस के अवसर पर बुधवार को उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम यूनिसेफ सहयोगी संस्था के डिस्ट्रिक्ट लिड श्री निर्भय कुमार के द्वारा विश्व जल दिवस मनाने के उद्देश्यों के प्रति सभी को जानकारी दी गई। साथ ही उनके द्वारा पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न उपायों के माध्यम से जल संचयन करने एवं सभी प्राणियों तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।


कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने सर्वप्रथम विगत वर्ष स्वच्छता एवं जल संचयन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले मुखियाओं एवं जलसाहियाओं की तारीफ करते हुए कहा कि चाहे वह विश्व जल दिवस हो या कोई अन्य दिवस, हर दिवस को मनाने की एक खास वजह होती है। वर्तमान में अगर हम देखें तो बड़ी मात्रा में लोग आज भी जल का दुरुपयोग कर रहे हैं। अभी हम इस बात को नजरअंदाज कर रहे हैं कि आने वाले समय में हमें  या हमारी आने वाली पीढ़ी को किस तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। विश्व जल दिवस पर उन्होंने सभी से जल के दुरुपयोग को रोकने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की एवं लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्देश अधिकारियों को दिए। मौके पर उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए लंबे समय तक लोगों को नल के माध्यम से जल सुनिश्चित हो इसके लिए जलापूर्ति योजना के रखरखाव व अन्य महत्वपूर्ण विषयों के प्रति लोगों को जागरूक करने के संबंध में कई उपाय बताएं। उप विकास आयुक्त ने रामगढ़ जिले में विभिन्न योजनाओं व डीएमएफटी के माध्यम से संचालित जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं के माध्यम से सभी योग्य जिले वासियों को जलापूर्ति सुनिश्चित करने की सभी से अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुदर्शन मुर्मू, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल श्री अनंत कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री संजीत कुमार, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री शशांक शेखर मिश्र, डीपीएम जेएसएलपीएस श्री गौरव जयसवाल, जलसहियाओं के द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर उनके द्वारा किए गए कार्यों व आगे किए जाने वाले कार्यों सहित लोगों को विभिन्न माध्यमों से जल संचयन के प्रति जागरूक करने के संबंध में अपने विचार साझा किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विगत वर्ष जल संचयन एवं स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए चितरपुर प्रखंड के बोरोबिंग पंचायत की मुखिया श्रीमती सुनीता देवी, गोला प्रखंड के चोकाद पंचायत की मुखिया श्रीमती रूपा देवी, जलसहिया श्रीमती ललिता देवी एवं श्रीमती संजू देवी को उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों के द्वारा मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र देकर एवं शॉल ओढाकर सम्मानित किया गया वहीं कार्यक्रम के दौरान धन्यवाद ज्ञापन यूनिसेफ सहयोगी संस्था के श्री वरुण कुमार सिन्हा के द्वारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपरोक्त के अलावा एसएमपीओ श्री विक्रम सोनी, यूनिसेफ सहयोगी संस्था से श्री सुजीत कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।


रिपोट अभिषेक मिश्रा 

Comments