वर्दी में लगा दाग : जुआ अड्डे से मिले 8 लाख, 6.59 लाख हड़प गए 6 दारोगा, एक ने हिस्सा नहीं मिलने पर खोली पोल
The Dainik Aawaz News:- वर्दी पर लगा दाग : जुआ अड्डे से मिले 8 लाख, 6.59 लाख हड़प गए 6 दारोगा, एक ने हिस्सा नहीं मिलने पर खोली पोल
जमशेदपुर : झारखंड में पैसों के लालच में 6 दारोगा ने वर्दी में दाग लगा लिया। दरअसल, पुलिस ने जुआ अड्डे से 8 लाख रुपये जब्त किए थे और इनमें से 6.59 लाख रुपये 6 दारोगा ने मिलकर हड़प लिए। 8 लाख की बजाय केवल 1.41 लाख रुपये की बरामदगी दिखाई।
इस कार्रवाई में 7 लोग शामिल थे जिनमें से 6 लोगों पर पैसों के गबन का आरोप लगा है। मामला जमशेदपुर के साकची थाना में तैनात एसआई रैंक के 6 पुलिस पदाधिकारियों पर लगा है।
छापेमारी में सात पदाधिकारी थे शामिल
बताया जाता है कि इस छापेमारी में कुल 7 पुलिस पदाधिकारी शामिल थे लेकिन उनमें से एक को रकम में हिस्सा नहीं मिला। इससे नाराज होकर उसने पूरे मामले का भंडाफोड़ एसएसपी के सामने कर दिया। एसएसपी ने सिटी एसपी को मामले की जांच का आदेश दिया है। बताया जाता है कि 10 जून को साकची पुलिस ने साकची (राजीव) चौक में चल रहे एक जुआ अड्डा पर छापेमारी की थी। पुलिस ने 18 युवकों को गिरफ्तार किया और 8 लाख रुपये की रकम जब्त की। हालांकि, कई लोगों का मानना है कि कुल 20 लाख रुपये बरामद हुए होंगे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।
दारोगा ने एफआईआर में गलत रकम दिखाई।
बताया जाता है कि हिरासत में लिए गए कुल 18 लोगों में से एक के जेब में 1.50 लाख रुपये जब्त किए गए। बाकियों के पास इससे ज्यादा रकम थी जिसका जिक्र प्राथमिकी में नहीं किया गया। पुलिस ने जुआ अड्डा से 1 कार, 1 बुलेट बाइक और 1 स्कूटी भी जब्त की थी। आरोपियों को 11 जून को कोर्ट में पेश किया गया। 18 में से 16 लोगों को जमानत मिल गई थी। वहीं, 2 युवकों को जेल भेज दिया गया था। बताया जाता है कि पैसे देख एसआई की नीयत डोल गई और फर्जी तरीके से कम रकम जब्त दिखाकर बाकी पैसे 6 पदाधिकारी डकार गए।

Comments
Post a Comment