लातेहार: बालूमाथ से अपहृत किशोरी का 30 घंटे बाद भी सुराग नहीं, विरोध में दूसरे दिन भी सड़क जाम

 दैनिक आवाज, लातेहार: बालूमाथ से अपहृत किशोरी का 30 घंटे बाद भी सुराग नहीं, विरोध में दूसरे दिन भी सड़क जाम

लातेहार : बालूमाथ में शनिवार की दोपहर ट्यूशन पढ़ने जा रही अपहृत 14 वर्षीया किशोरी का 30 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। 30 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। जिससे परिजन और स्थानीय ग्रामीण काफी नाराज दिख रहे हैं। आक्रोशित ग्रामीण घटना के विरोध में बालूमाथ-चतरा-रांची एनएच 22 मुख्य सड़क को दो दिनों में अलग-अलग समय पर चार बार जाम कर कर चुके हैं।

शनिवार को तीन बार सड़क जाम किया गया और आज रविवार को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक सड़क जाम रही। सड़क जाम के कारण बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय में करीब तीन किलोमीटर तक यात्री व मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गयी। दो दिनों के अंदर चार बार सड़क जाम होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जाम के कारण लंबी और छोटी दूरी की बसें जाम में फंसी रहीं और यात्री भटकते नजर आये।


इधर, अपहृत किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीपीओ दिलू लोहरा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। गठित टीम अपहृत किशोरी की बरामदगी के लिए हर संभावित स्थान पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस का मानना है कि जल्द ही अपहृत लड़की को बरामद कर लिया जायेगा और इस घटना में शामिल सभी लोग पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इस बीच प्रशासन संदेह के आधार पर आधा दर्जन से अधिक लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है।

यहां उल्लेखनीय है कि 14 वर्षीय लड़की आदर्श नगर मोहल्ले में ट्यूशन पढ़ने के लिए अपने घर से निकल रही थी, तभी बीच सड़क से अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था।

Comments