जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहाँ : कालीचरण

 "जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहाँ : कालीचरण"

भाजपा प्रत्याशी का बड़ा बयान, कहा विपक्ष को नहीं मिल रहा प्रत्याशी

रिपोर्ट: आकाश राज

Dainik Aawaz News Chatra : आगामी 20 मई को होने वाले चतरा लोकसभा चुनाव की तिथियां जैसे-जैसे नजदीक आती जा रही है। वैसे-वैसे प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं को रिझाने में जोर आजमाइश करते दिख रहे। हालांकि चतरा में भारतीय जनता पार्टी ने ही अबतक अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की है। वहीं इंडिया एलाइंस में दावेदारी को लेकर राजद और कांग्रेस आमने-सामने नजर आ रहा है। इसे लेकर चतरा में राजनीतिक बयान बाजी भी चरम पर है। 


भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि चतरा लोकसभा क्षेत्र के लोगों की स्थानीय प्रत्याशी की पुरानी मांग रही है। जिसे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताकर आम जनमानस की मांग को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मुझे भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद विपक्ष को चुनाव लड़ने के लिये आदमी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि मैं चतरा का बेटा हूं। जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां ?

नाई समाज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शिरकत करने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के चतरा लोकसभा प्रत्याशी कालीचरण सिंह ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मैं चतरा की मिट्टी में जन्मा हूं। यहां पला, बढ़ा और खेला हूं। ऐसे में समाज के हर वर्गों से स्नेह मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि घर का बेटा सांसद बनाकर लोगों की अपेक्षा हर हाल में पूरा करेगा। क्योंकि आम लोगों को मुझसे अपेक्षा करना और अधिकार से विकास कार्य के लिए निर्देशित करना इनका हक और अधिकार है। उन्होंने कहा कि मैं जीतकर कलकत्ता-मुंबई नहीं जाने वाला। जीना यहां, मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां ? कालीचरण सिंह ने कहा है कि मुझे चतरा की जनता की आवाज से टिकट मिला है। और यहां की जनता के आशीर्वाद से ही दिल्ली भी जा रहा हूं। क्योंकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरा देश खड़ा है। मैं भी उनका एक सिपाही और सेवक हूं। इसलिए स्थानीय होने के नाते मेरे लिए भी घर का बेटा कहकर सभी लोग साथ खड़े हैं। सभी लोग मुझे गोद में ले रहे हैं। कोई मुझे काका कह रहा है, किसी को मैं काका कह रहा हूं। कोई मुझे भैया कह रहा है, किसी को मैं भैया कह रहा हूं। बस इतना कहूंगा कि घर का बेटा जीत रहा है। चतरा के लोगों और हर समाज का स्नेह मिल रहा है। घर का बेटा सांसद बनाकर लोगों की अपेक्षा पूरा करेगा।

Comments