गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में क्षत्रिय समाज भाजपा के विरोध में खड़ा: नंद किशोर सिंह चंदेल
झारखंड में भी क्षत्रिय समाज बीजेपी के खिलाफ मतदान करेगा: नंद किशोर सिंह चंदेल
दैनिक आवाज 24 न्यूज: गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में क्षत्रिय समाज भाजपा के विरोध में खड़ा है। इसका असर झारखंड में भी दिख रहा है। यहां भी समाज के लोग लगातार बैठक कर लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के विरोध की रणनीति बना रहे हैं । झारखंड में 13 मई से मतदान की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
क्षत्रिय समाज के युवा नेता नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह झारखंड में भी क्षत्रिय समाज बीजेपी के खिलाफ मतदान करेगा। क्योंकि यहां के क्षत्रियों को भी भाजपा ने छलने का काम किया है । चतरा और धनबाद से लगातार चुनाव जीत रहे क्षत्रिय समाज के दो सांसदों का टिकट काटकर भाजपा ने समाज के प्रति अपनी मंशा जाहिर कर दी है। यहां दोनों सीटों पर समाज के उम्मीदवारों को मौका न देकर दूसरी जाति के लोगों को टिकट दिया गया। इससे समाज के लोगों में काफी आक्रोश है। झारखंड में एक भी सीट क्षत्रिय समाज को नहीं दी गई ।
भाजपा ने एक रणनीति के तहत क्षत्रिय समाज को राजनीतिक रूप से हाशिये पर डालने का प्रयास किया है । समाज के लोग इसका पुरजोर विरोध करेंगे और चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में बैठक कर समाज के लोगों को भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ मतदान के लिए अभियान चलाया जाएगा।
नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि गुजरात में राजकोट से प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला जो मोदी और शाह के करीबी हैं इन्होंने समाज के खिलाफ बहुत घटिया टिप्पणी की थी । इसी के विरोध में गुजरात में समाज के लोगों ने भाजपा के खिलाफ जाने का निर्णय लिया है । भाजपा ने रूपाला के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसी तरह उत्तर प्रदेश राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भाजपा ने एक रणनीति के तहत क्षत्रिय समाज को टिकट नहीं दिया । कई वर्तमान सांसदों का टिकट काट दिया गया।
उत्तर प्रदेश में राजपूत बहुल सीटों पर दूसरी जाति के उम्मीदवारों को टिकट दिया गया। इससे वहां भी भारी आक्रोश है । यही स्थिति झारखंड सहित अन्य राज्यों में है। भाजपा आज अगर इतनी ताकतवर हुई है तो इसके पीछे समाज का समर्थन महत्वपूर्ण है । लेकिन आज भाजपा सत्ता के मद में क्षत्रिय समाज को ही किनारे लगाने पर तुली है। समाज के लोग इसका मुंह तोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं। आने वाले चुनाव में भाजपा को उसकी औकात पता चल जाएगा। समाज की उपेक्षा भारी पड़ेगा।

Comments
Post a Comment