भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर जारी किये गए संकल्प पत्र पर विपक्ष ने तीखा हमला बोला है
दिमाग को भटकाने वाला है बीजेपी का चुनावी संकल्प पत्र, जनता को दिग्भ्रमित कर दी जा रही मोदी की गारंटी
भाजपा है प्रयोगशाला, सिटिंग सांसद का टिकट काटकर नए लोगों को मौका समय की है बर्बादी
दैनिक आवाज न्यूज चतरा : भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर जारी किये गए संकल्प पत्र पर विपक्ष ने तीखा हमला बोला है। 2024 के चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जारी किए गए मोदी की गारंटी सह संकल्प पत्र पर सवाल खड़ा किया गया है। झारखंड के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास सह उद्योग मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा है कि पीएम मोदी और भाजपा का चुनावी मेनिफेस्टो जनता को दिग्भ्रमित और गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा है कि जो भी करना है अभी जरूरत के अनुसार ही होना चाहिए। लेकिन भारतीय जनता पार्टी व उसके नेता आम लोगों की मूलभूत सुविधाओं बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा के साथ-साथ गरीबों को क्या चाहिए इसकी बात ना कर सीधे स्मार्ट सिटी, ग्रीन सिटी, रेलवे, हवाई जहाज व काला धन की बात कर रहे हैं। यही कारण है कि भाजपा और केंद्र सरकार का कोई भी काम जमीन पर दिखाई नहीं देता है।
श्रम मंत्री ने चतरा के सिटिंग सांसद सुनील कुमार सिंह का टिकट कटने पर चुटकी लेते हुए कहा है कि भाजपा की यही हवा-हवाई कार्यशैली और घोषणा सांसदों को क्षेत्र में विरोध झेल ने पर मजबूर करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सांसदों को आदर्श ग्राम योजना के तहत गांवों का चयन और उसका समुचित विकास करने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन आज तक ना तो इन सांसद आदर्श गांवों में बिजली पहुंची और ना ही पानी के लिए कुआं व चुआं तक ही बन पाया। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य भी भगवान भरोसे ही है। बाद में भाजपा अपना भद्द पीटती देख सिटिंग सांसद का टिकट काटकर नए लोगों को मौका देती है। श्रम मंत्री ने कहा है कि भाजपा प्रयोगशाला चला रही है। वह नहीं तो यह करेगा, ये भी नहीं करेगा तो फिर अगला सांसद करेगा। यह न सिर्फ गरीबों के साथ मजाक है बल्कि समय की बर्बादी भी है। झारखंड सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने पीटीआई टीवी से बात करते हुए कहा है कि बीजेपी को प्लानिंग करके चुनावी संकल्प पत्र जारी करना चाहिए जिससे सीधे गरीबों को लाभ मिले। क्योंकि आज तक भाजपा के द्वारा जो भी चुनावी घोषणाएं की गई है गरीबी मिटाने, स्मार्ट सिटी, ग्रीन सिटी, रेलवे, हवाई जहाज व काला धन। इस दिशा में आज तक कोई काम हुआ ही नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी कहते हैं कि विकास के लिये 60 माह का समय चाहिए। फिर कहते हैं 120 माह का समय चाहिए। इसके बाद कहा जाता है कि 2047 में देश विकसित भारत बनेगा, फिर 2068 की बात कही जाती है। उन्होंने पूछा है कि आखिर भाजपा को देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए सही मायनों में कितने वक्त की आवश्यकता है। क्योंकि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र को देखने से यही पता चलता है कि 2047 में देश विकसित भारत तो बनेगा। लेकिन उस दौरान आज का ना तो कोई देखने वाला होगा, ना कोई लेने वाला और ना ही कोई बोलने वाला ही बचेगा।
श्रम मंत्री ने कहा है कि भाजपा 2024 के चुनावी संकल्प पत्र को जारी करने से पहले 2014 की घोषणा पत्र को अमलीजामा पहनाए, फिर 2019 की घोषणा को धरातल पर उतारे। उसके बाद 2024 में क्या होता है देखा जाएगा। श्रम, नियोजन मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 2025 को भगवान बिरसा मुंडा के 150वां जन्मोत्सव के मौके पर जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा को भी महज चुनावी ढकोसला बताया है। उन्होंने कहा है कि देश में कोई विकास हुआ नहीं और केंद्र सरकार के द्वारा अमृत महोत्सव मना लिया गया। जिससे जनता को कोई लाभ नहीं हुआ। मंत्री ने कहा है कि देश के मजदूर, आम-अवाम के साथ-साथ किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रहा और केंद्र सरकार अमृत महोत्सव मना रही है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा आदिवासी जनजातीय महोत्सव मनाने की घोषणा दिमाग को भटकाने वाला है। प्रधानमंत्री संकल्प पत्र और मोदी की गारंटी के नाम पर जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं। कहा की लोगों को समुचित विकास योजनाओं का लाभ, इलाज व शिक्षा चाहिए। इसी हिसाब से केंद्र सरकार को काम करना चाहिए ना की हवा हवाई बातें।

Comments
Post a Comment