वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए तेज करें प्रयास: के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड

 मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का कार्यालय, झारखण्ड लोकसभा निर्वाचन-2024 (मीडिया कोषांग)


वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए तेज करें प्रयास: के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड

शहरी निकाय के पदाधिकारियों को करें सक्रिय, प्लान के तहत पूर्ण करें निर्वाचन कार्य की तैयारी

पिछले चुनाव में कम वोटिंग प्रतिशत वाले मतदान केन्द्रों पर करें विशेष फोकस


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को कहा है कि लोकसभा चुनाव के आगामी चरण की बेहतर तैयारी करें। हरेक मतदाता तक वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप का वितरण कराते हुए शहरी निकाय के मतदान केन्द्रों पर अच्छे मतदान के लिए नगर निकाय के पदाधिकारियों को मतदान केन्द्रों के साथ टैग करें और मतदाताओं के परिवारजनों को क्लब करें। साथ ही बी एल ओ तथा सुपरवाइजर भी घर-घर जाएं और मतदाताओं के बीच वितरण किए जा रहे वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप की मॉनिटरिंग करें। वहीं मतदान केन्द्र जागरूकता समूह के साथ छोटी-छोटी मीटिंग कर उन्हें सक्रिय करें। शारीरिक रुप से अक्षम मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचाने की पहल संबधी कार्य में गति लाएं। बेहतर मतदान प्रतिशत के लिए पूरी मेहनत करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निकाय के पदाधिकारियों के साथ झारखंड में 

लोकसभा चुनाव के पांचवें, छठे एवं सातवें चरण में होने वाले मतदान की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। 


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिलावार तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग  एवं शारीरिक रुप से अक्षम मतदाताओं को मतदान केंद्र पर लाने की पूरी योजना तैयार करें और उसे मूर्त रूप दें।  मतदान के दिन एवं उसके पूर्व चुनाव जागरूकता हेतु जारी जिंगल्स एवं गानों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का कार्य करें। साथ ही माइकिंग के माध्यम से भी जाकरूकता सुनिश्चित करें। माइकिंग के लिए  विस्तारित कार्ययोजना तैयार करें, ताकि मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हो। उन्होंने कहा कि वन-टू-वन वोटर कनेक्ट के माध्यम से मतदाता तक पहुंचने से वोटिंग प्रतिशत में इजाफा होगा। उन्होंने माइक्रो लेबल पर कार्य करने पर बल दिया। मतदान केन्द्रों पर आने में असमर्थ मतदाताओं के लिए परिवहन की पूरी सुविधा देने, मतदान के दिन रीयल टाइम मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। 

 

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संदीप सिंह एवं डॉ. नेहा अरोड़ा सहित निर्वाचन कार्यालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Comments