झारखंड में करवट ले रही सियासत, नीति आयोग की बैठक में आज हेमंत के शामिल होने के बड़े मायने

 झारखंड में करवट ले रही सियासत, नीति आयोग की बैठक में आज हेमंत के शामिल होने के बड़े मायने

दैनिक आवाज न्यूज,रांची। अगले कुछ महीनों में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव की आहट के बीच झारखंड में सियायत करवट लेती दिखाई दे रही है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नई दिल्ली में हुई शिष्टाचार भेंट से शुरू हुई सियासी चर्चा एवं अटकलों के बीच शनिवार को नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने के भी गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि इंडिया गठबंधन द्वारा नीति आयोग की बैठक के बहिष्कार का एलान किया गया है, तो दूसरी ओर इसी गठबंधन में शामिल हेमंत सोरेन बैठक में शामिल हो रहे हैं। इससे स्वाभाविक रूप से इंडिया गठबंधन की दिशा और दशा प्रभावित हो सकती है।

पीएम मोदी की अध्यक्षता में होगी बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 जुलाई को हो रही नीति आयोग की बैठक का इंडिया गठबंधन ने बहिष्कार का एलान कर रखा है। साफ घोषणा है कि इंडिया गठबंधन का कोई भी मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं होगा। 

बड़े अफसरों को साथ लेकर दिल्ली गए सीएम

इसके बावजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार की दोपहर बाद अचानक नीति आयोग की बैठक में भाग लेने का फैसला किया। हेमंत सोरेन शुक्रवार की देर शाम नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना भी हो गए। मुख्यमंत्री के साथ झारखंड के मुख्य सचिव एल ख्यांगते और वित्त सचिव प्रशांत कुमार भी रवाना हुए। 

दोपहर बाद खास कागज तैयार करने का दिया निर्देश

नीति आयोग की बैठक में भाग लेना तय हो जाने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सामने झारखंड की मांग जोरदार तरीके से उठाने के लिए कुछ खास आंकड़ों को तैयार करने का निर्देश दिया। इसके बाद केंद्र की ओर से झारखंड के साथ हो रही नाइंसाफी को दिखाने वाले कुछ खास आंकड़ों की फेहरिस्त तैयार की गई। इनमें साफ तौर पर दिखाया गया कि केंद्र किस तरह से झारखंड की हकमारी कर रहा है।



Comments