मंत्री चंपाई सोरेन के आप्त सचिव ने कहा कि 27 व 28 अगस्त को दिल्ली दौरे पर थे. इस दौरान दो लोगों द्वारा गोपनीय तरीके से जासूसी कर फोटो एवं वीडियो बनाया जा रहा था.
रांची : पूर्व सीएम चंपाई सोरेन की जासूसी के आरोप में स्पेशल ब्रांच के दो सब इंस्पेक्टर राज तिलक और गौरव को मंगलवार रात दिल्ली पुलिस ने पकड़ा. दिल्ली के चाणक्यपुरी थाने की पुलिस ने घंटों पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया. मंगलवार रात करीब 11:00 बजे झारखंड पुलिस को दोनों सब इंस्पेक्टर के पकड़े जाने की सूचना मिली. झारखंड पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस के अधिकारियों संपर्क कर उन्हें बताया कि दोनों स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर हैं. वे दिल्ली स्पेशल ब्रांच मुख्यालय के आदेश पर गये थे. दोनों को मंत्री चंपाई सोरेन की सुरक्षा-व्यवस्था की निगरानी के लिए भेजा गया था.
चंपाई सोरेन के आप्त सचिव ने दर्ज करायी थी शिकायत
इस मामले को लेकर चंपाई सोरेन के आप्त सचिव गुरु प्रसाद महतो ने बुधवार को चाणक्यपुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी. इसमें उन्होंने बताया था कि उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विभाग तथा जल संसाधन विभाग के मंत्री चंपाई सोरेन 27 व 28 अगस्त को दिल्ली दौरे पर थे. इस दौरान दो लोगों द्वारा गोपनीय तरीके से जासूसी कर फोटो एवं वीडियो बनाया जा रहा था, जो काफी संदिग्ध मामला है. किसी कैबिनेट मंत्री की जासूसी करना संदिग्ध प्रतीत होता है. इससे इनकी जान का भी खतरा हो सकता है. होटल आइटीसी मौर्या दिल्ली के सुरक्षा प्रहरियों ने दोनों को पकड़ कर चाणक्यपुरी थाने को सौंपा था. इसलिए मामले की जांच कर गृह विभाग को इस बात की जानकारी दी जाये.

Comments
Post a Comment