“भाजपा छात्रों को मोहरा बना रही है, ये शिक्षा नहीं साजिश है – मंत्री इरफान अंसारी”
गोड्डा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज झारखंड की शैक्षणिक विरासत है, जिसे किसी भी सूरत में बंद होने नहीं दिया जाएगा। कॉलेज की मान्यता रद्द होने की जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वो पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित हैं और इसके पीछे भाजपा की ओछी मानसिकता है, जो छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाकर राजनीतिक रोटियाँ सेंकना चाहती है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा जैसी पार्टी हर मुद्दे में राजनीति खोज लेती है, चाहे वो छात्रों का भविष्य ही क्यों न हो। मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि मैंने खुद इस विषय पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से चर्चा की है और हमारी सरकार इस कॉलेज को बचाने और सशक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आयुष मंत्रालय केंद्र सरकार का अंग है, लेकिन उसे पक्षपात नहीं करना चाहिए। भाजपा सरकार से अपेक्षा है कि वह छात्रहित में काम करे, न कि राजनीति करे। मैं कॉलेज के सभी छात्रों से अपील करता हूँ कि वे नेतागिरी में समय न गंवाएं, सीधे मुझसे संपर्क करें। मैं आपके साथ खड़ा हूँ और आपको भरोसा दिलाता हूँ कि इस कॉलेज की मान्यता किसी भी हाल में रद्द नहीं होने दी जाएगी। भाजपा अपने हरकतों से बाज़ आए, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करे। गोड्डा होम्योपैथिक कॉलेज रहेगा और और मजबूती से आगे बढ़ेगा – यही हमारी सरकार की गारंटी है।
*डॉ. इरफान अंसारी*
*मंत्री, झारखंड सरकार*
(स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति व आपदा प्रबंधन विभाग)

Comments
Post a Comment