बेंगलुरु पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में पतरातु की अंजली रानी का शानदार प्रदर्शन

बेंगलुरु पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में अंजली रानी का शानदार प्रदर्शन — गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम किया रोशन 

Dainik Aawaz : पतरातु (रामगढ़ ) रिपोर्ट:अभिषेक मिश्रा 

रामगढ़ जिला अंतर्गत पतरातू प्रखंड के सरैया टोला की 26 वर्षीय अंजली रानी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत किसी भी मंच पर अपनी छाप छोड़ सकती है। बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में अंजली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनके इस स्वर्णिम प्रदर्शन से न सिर्फ पतरातू क्षेत्र, बल्कि पूरे रामगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

प्रतियोगिता में देशभर से चुनिंदा खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन अंजली ने उत्कृष्ट ताकत, संतुलन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए सबको पीछे छोड़ दिया। प्रतियोगिता के निर्णायकों ने भी उनकी तकनीक और दमखम की खुलकर सराहना की।

अंजली रानी का कहना है कि यह सफलता उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, परिवार के सहयोग और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर झारखंड और देश का नाम रोशन करना चाहती हैं।

गांव और क्षेत्र में जश्न जैसा माहौल है। स्थानीय लोगों ने अंजली की सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। पतरातू प्रखंड के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी अंजली को बधाइयाँ देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ क्षेत्र, बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है।

अंजली रानी की यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी बेटियाँ भी उचित अवसर और लगन मिलने पर देशभर में अपना लोहा मनवा सकती हैं।

सिर्फ 4 महीनों की कड़ी मेहनत से उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।

अंजली का वजन 82 किलो है और उन्होंने 55 कैटेगरी में कुल 142.5 किलो वजन उठाकर पहला स्थान हासिल किया।

अंजली महेश साहू की बेटी हैं और उनके इस प्रदर्शन ने रामगढ़ जिला, पतरातू प्रखंड तथा जयनगर पंचायत क्षेत्र का नाम एक बार फिर सम्मानित किया है।

गांव के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा—

“अंजली जैसी बेटियां ही गांव की पहचान और तस्वीर बदल सकती हैं।”

Comments